भीनमाल में कर्मचारी प्रकोष्ठ की एकदिवसीय जिलास्तरीय कार्यशाला संपन्न

श्री क्षत्रिय युवक संघ के कर्मचारी प्रकोष्ठ की जालोर की जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला भारती पब्लिक स्कूल, भीनमाल में 05.11.2017 को संपन्न हुई। केन्द्रीय कार्यकारी श्री रेवन्त सिंह पाटोदा के निर्देशन में संपन्न बैठक में जिले के 250 क्षत्रिय कर्मचारियों ने भाग लिया। दीप-प्रज्ज्वलन, प्रार्थना एवं सहगीत के पश्चात रेवन्त सिंह जी ने श्री क्षत्रिय युवक संघ की विचारधारा स्पष्ट करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकास एवं विस्तार की अवधारणा को समझाते हुए बताया कि यह दोनों भिन्न होते हुए भी एक दूसरे के पूरक है। विकास की गति ऊर्ध्वाधर जबकि विस्तार की गति क्षैतिजीय होती है। विकास विस्तार पाकर लोक के लिए कल्याणकारी बनता है, जबकि विकास से विहीन विस्तार विनाश का पर्याय है। इसी सिद्धान्त के अनुरूप श्री क्षत्रिय युवक संघ अपने स्वयंसेवको का साधना द्वारा विकास करता है, तथा इसके बाद वे स्वयंसेवक समाज में कार्य करते हुए संघ द्वारा प्रदत्त सामाजिक भाव के विस्तार की क्रिया को सम्पादित करते हैं। इसके पश्चात कर्मचारी शक्ति का समाज-हित में किस प्रकार सदुपयोग हो सकता है- इस विषय पर चर्चा हुई। चर्चा में यह बात रेखांकित हुई कि युवाओं को कैरियर-काउंसलिंग व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा कोचिंग के लिए मार्गदर्शन और समाज में सभी तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने तथा पात्र-परिवारों को लाभान्वित करवाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। कार्यक्रम में शम्भू सिंह सेरणा, मनोहर सिंह धवला, गंगा सिंह चारणीम, प्रेमसिंह अचलपुर, कालूसिंह रानीवाड़ा, चन्दन सिंह सांडन, उगम सिंह केशवना, सुमेर सिंह मोरु, शैतान सिंह भूतेल, जगतावर सिंह चाँदना, हितेन्द्र सिंह झाब आदि ने भी अपने विचार रखे। अन्त में विभिन्न सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई, जिससे प्रस्तावों को धरातल पर क्रियान्वित किया जा सके।