राष्ट्र व समाज के लिए शीश कटाना रहा है हमारा इतिहास- संघप्रमुखश्री

"हमारा इतिहास राष्ट्र एवं समाज के लिए शीश कटाने का रहा है किन्तु आज हम देश एवं समाज को समय भी नहीं दे पा रहे हैं। सम्पूर्ण मानवता को क्षत्रिय संरक्षण दिया करता था, आज हम स्वयं ही संरक्षण क्यों मांगने लगे? सबसे आगे चलकर अन्यों को राह दिखने वाले हम पीछे चलने वाले कैसे बन गए? इन प्रश्नों को हमें सुलझाना होगा। समाज में रुग्णता आ गई है, उसे दूर करना होगा। जब हम स्वयं को पहचान लेंगे तो हमारी कमज़ोरी भी दूर हो जाएगी। हम पुनः शक्तिशाली बन जाएंगे। हमें राम और कृष्ण के आदर्शो पर चलना है और वह बिना शक्ति के सम्भव नहीं है। केवल शारीरिक ही नहीं, मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति की भी आवश्यक है। लोकसंग्रह द्वारा जन-शक्ति का निर्माण भी करना होगा। राजनीति में भी श्रेष्ठ लोग आगे बढ़ें, इसकी आवश्यकता है।" उपरोक्त सन्देश माननीय संघप्रमुख श्री ने चित्तौड़गढ़ में सेंती स्थित वाटिका उत्सव में आयोजित पारिवारिक स्नेहमिलन समारोह में अपने उद्बोधन् में दिया। माननीय संघप्रमुख श्री अभी मेवाड़ में चार-दिवसीय प्रवास पर है। समाजबंधुओं को उनका सान्निध्य-लाभ प्राप्त हो उसी उद्देश्य से 12.11.2017(रविवार) को स्नेहमिलन व स्नेहभोज का कार्यक्रम रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधू तथा मातृशक्ति ने भाग लिया। इस दौरान विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान गोविन्द सिंह शक्तावत, शक्तिसिंह मुरलिया, सी के एस बी चेयरमैन लक्ष्मण सिंह खोर, जौहर संस्थान के समर्थसिंह, नरपत सिंह भाटी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रूद ने भी अपने विचार रखे। बृजराज सिंह खारड़ा व मीना कँवर चाकूड़ा ने श्री क्षत्रिय युवक संघ का परिचय दिया। कार्यक्रम का सञ्चालन गंगासिंह साजियाली ने किया।