लोकसंग्रह श्री क्षत्रिय युवक संघ का मुख्य कार्य है – संघप्रमुख श्री

श्री क्षत्रिय युवक संघ का कार्य लोक संग्रह का कार्य है। संघ एक आदर्श परिवार है और इस परिवार को हमें आगे बढ़ाना है। व्यक्तिगत रूप से स्वयं को परिष्कृत करना निश्चित रूप से हमारा उद्देश्य है लेकिन संघरूप में हमारा उद्देश्य, हमारा मुख्य कार्य लोकसंग्रह का है। पूज्य तनसिंह जी तो स्वयं परिष्कृत थे, उन्हें किसी परिष्करण की आवश्यकता नहीं थी लेकिन फिर भी उन्होंने लोकसंग्रह के लिए श्री क्षत्रिय युवक संघ का निर्माण किया जिससे अपने आप को परिष्कृत करके जीवन लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रक्रिया को सामूहिक स्वरूप प्रदान किया जा सके। इसलिए हम अधिक से अधिक लोगों तक संघ को, संघ की बात को पहुंचाएं, उन्हें संघ में लाएं तभी संघ का उद्देश्य पूर्ण हो सकेगा। उपरोक्त संदेश माननीय संघप्रमुख श्री लक्ष्मण सिंह बैण्याकाबास ने 25 फरवरी को बाड़मेर स्थित आलोक आश्रम में आयोजित स्नेहमिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया। केंद्रीय कार्यकारी कृष्ण सिंह रानीगांव व संभागप्रमुख महिपाल सिंह चूली सहयोगियों सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहे। #ShriKYS