वर्चुअल माध्यम से देशभर में उत्साह से मनाई रामनवमी

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अवतरण दिवस 'रामनवमी' पर श्री क्षत्रिय युवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा संभाग स्तर पर वर्चुअल कार्यक्रमों का आयोजन हुआ जिनमें देशभर से समाजबन्धु जुड़ें तथा अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा व कृतज्ञता प्रकट की। बाड़मेर संभाग के कार्यक्रम में माननीय संघप्रमुख श्री का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि रामनावमी को मनाने का कारण यह नहीं है कि हमें कोई बड़ा कार्यक्रम करना है बल्कि इसलिए मना रहे हैं कि राम हमारे आदर्श है। क्षात्र धर्म का पालन करते हुए उन्होंने जो आदर्श स्थापित किए वे आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं। संघ का मानना है कि जब तक कोई भी कार्य नियमित व निरंतर नहीं किया जाय तब तक वह संस्कार नहीं बनता। इसलिए संघ केवल रामनवमी मनाकर अपने कर्त्तव्य की इतिश्री नहीं करता अपितु शिविरों व शाखाओं के माध्यम से राम के गुणों को समाज में स्थापित करने का सतत प्रयास करता है। हमारा कार्य सामूहिक है परंतु प्रयत्न व्यक्तिगत ही करना होता है और जो सतत प्रयत्नशील रहता है वही अंततः सफल रहता है। वरिष्ठ स्वयंसेवक कमल सिंह राणीगांव, कमल सिंह गेंहू, कृष्ण सिंह राणीगांव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। देशभर से सैकड़ों स्वयंसेवक कार्यक्रम में जुड़ें। इसी प्रकार गोहिलवाड़ संभाग के कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवक अजीत सिंह जी धोलेरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री राम ने अपने जीवन में कर्त्तव्य को सर्वोच्च स्थान पर रखा और उसके लिए बड़ी से बड़ी कीमत चुकाने से पीछे नहीं हटे। रावण पर उनकी विजय सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और प्रकाश की अंधकार पर विजय की प्रतीक है। संघ भी हमें हमारे भीतर राम के गुणों को उतारने और अपने अंदर के रावण को समाप्त करने का अभ्यास करवाता है। केंद्रीय कार्यकारी महेंद्र सिंह पांची भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जैसलमेर संभाग में संचालन प्रमुख लक्ष्मण सिंह बैण्यांकाबास की उपस्थिति में रामनवमी कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन से मर्यादाओं के पालन की सीख लेने की बात कही। वरिष्ठ स्वयंसेवक बाबू सिंह बैरसियाला ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में लगभग 550 समाजबन्धु जुड़ें। इसी प्रकार जयपुर संभाग में केंद्रीय कार्यकारी प्रेमसिंह रणधा तथा संभागप्रमुख राजेंद्र सिंह बोबासर की उपस्थिति में रामनवमी के उपलक्ष्य में वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें संभाग के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। नागौर संभाग के वर्चुअल कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारी रेवन्त सिंह पाटोदा व संभागप्रमुख शिंभू सिंह आसरवा उपस्थित रहे तथा स्वयंसेवकों व समाजबंधुओं सहित श्रीराम को स्मरण किया। जालोर संभाग के कार्यक्रम में लगभग 90 स्वयंसेवक जुड़ें तथा रेवंतसिंह पाटोदा व संभागप्रमुख अर्जुन सिंह देलदरी की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। बीकानेर संभाग के कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवक राजेन्द्र सिंह आलसर स्वयंसेवको सहित जुड़ें तथा श्रीराम के जीवनवृत्त पर चर्चा की। जोधपुर संभाग के कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारी प्रेमसिंह रणधा तथा वरिष्ठ स्वयंसेवक नारायण सिंह माणकलाव ने भगवान राम के महान चरित्र का वर्णन किया। इस दौरान संभागप्रमुख चंद्रवीर सिंह देणोक 100 से अधिक समाजबंधुओं सहित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़ें। महाराष्ट्र संभाग के कार्यक्रम में भी संभाग प्रमुख नीर सिंह सिंघाना तथा 100 से अधिक समाजबन्धु उपस्थित रहे। इसी प्रकार मध्य गुजरात संभाग तथा उत्तर गुजरात संभाग में भी रामनवमी मनाई गई जिसमें संभागप्रमुख दीवान सिंह कानेटी तथा विक्रम सिंह कमाणा उपस्थित रहे।